चीन को बड़ा झटका, 'आयरन ब्रदर' पाकिस्तान ने एक बार फिर बैन किया ‘टिकटॉक’

इस्लामाबाद पाकिस्तान की मीडिया नियामक एजेंसी PTA ने चीनी व‍िडियो ऐप ‘टिकटॉक’ को गुरुवार को एक बार फिर से ब्लॉक कर दिया। इससे पहले देश के दो वकीलों ने अदालत का रुख कर दावा किया था कि इस ऐप के जरिए अश्लील सामग्री फैलाई जा रही है। करीब छह महीने पहले भी पाकिस्तानी नियामक एजेंसी ने ‘टिकटॉक’ को प्रतिबंधित कर दिया था। पीटीए को शिकायतें मिली थी कि सोशल मीडिया ऐप पर कथित रूप से अनैतिक और अश्लील सामग्री है। एजेंसी ने संक्षिप्त बयान में कहा कि उसने पेशावर उच्च न्यायालय के आदेश की तामील करते हुए ‘टिकटॉक’ को प्रतिबंधित किया है। इसके अलावा एजेंसी ने कोई और ब्यौरा उपलब्ध नहीं कराया। पेशावर उच्च न्यायालय ने कहा कि उसने वकील नाजिश मुजफ्फर और सारा अली की याचिका पर कार्रवाई की है। 'टिकटॉक के विडियो पाकिस्‍तानी समाज में स्‍वीकार नहीं' वकीलों ने अपनी याचिका में गुजारिश की थी कि व‍िडियो साझा करने वाले ऐप को तब तक ब्लॉक रखा जाए जब तक वह पिछले साल पाकिस्तानी मीडिया निमायक द्वारा दिए गए निर्देशों और दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करता है। सुनवाई के दौरान जज ने कहा कि टिकटॉक पर जिन वीडियो को अपलोड किया गया है, उसे पाकिस्‍तानी समाज में स्‍वीकार नहीं किया गया है। उन्‍होंने कहा कि इससे सबसे ज्‍यादा युवा प्रभावित हुए हैं। उधर, टिकटॉक ने इस पर सफाई दी है। टिकटॉक ने कहा कि हम लगातार वीडियो की निगरानी कर रहे हैं ताकि उन कंटेंट का पता लगाया जा सके जो सेवा और सामुदायिक नियमों का उल्‍लंघन करते हैं। उसने कहा कि हमने कई ऐसे अकाउंट बैन किए हैं जो नियमों का उल्‍लंघन कर रहे थे।


from World News in Hindi, दुनिया न्यूज़, International News Headlines in Hindi, दुनिया समाचार, दुनिया खबरें, विश्व समाचार | Navbharat Times https://ift.tt/38xFpgG
أحدث أقدم