इंदौर. नगर निगम के जोन-14 पर बिना काम के कैश काउंटर पर बैठने वाले विनियमित कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया गया है। काउंटर पर बैठने से जब प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी ने मना किया, तो उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
कैश काउंटर पर रमेश जोशी को बैठा देख प्रभारी एआरओ अतुल रावत ने आपत्ति ली और बाहर निकलने को कहा। जोशी को बुरा लगा और उसने विवाद शुरू कर दिया और अभद्रता की। इस पर प्रभारी एआरओ ने शिकायत राजस्व विभाग के वरिष्ठ अफसरों से की। इसके बाद जोशी के खिलाफ कार्रवाई के लिए नोटशीट तैयार कर निगमायुक्त को भेजी गई। निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने जोशी को हाजरी मुक्त कर बर्खास्त कर दिया। साथ ही उसके वेतन पर भी रोक लगा दी।
बताया जाता है कि पहले भी जोशी के अभद्र व्यवहार करने पर प्रभारी एआरओ ने लिखित और मौखिक में राजस्व विभाग के उपायुक्त को शिकायत की थी। उपायुक्त ने जोशी को बुलाकर जहां फटकार लगाई थी, वहीं भविष्य में वरिष्ठ अफसरों के साथ अभद्रता न करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके जोशी की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं आया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3dNF0XB
via IFTTT