जितना फैलना था फैल गया वायरस, अब नहीं होने देंगे लोगों को बीमार

नेहरू नगर में बढ़ते कोरोना के मरीजों की संख्या को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इस बात पर भी विचार किया जा रहा है कि इतनी जल्दी मरीजों की संख्या इतनी क्यों बढ़ी? पिछले एक हफ्ते से यहां रोजाना पॉजिटिव मरीज निकल रहे हैं। यहां कोरोना वॉलेंटियर की 25 लोगों की टीम बनाई गई है, जो लगातार इस क्षेत्र में भ्रमण करेगी और लोगों को घर में ही रहने के लिए जागरूक करेगी। टीम हर घर में काढ़ा और दवाइयां भी बांट रही है, जिससे की लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़े। अब तक 1500 घरों में काढ़ा और होम्योपैथिक दवाई बांटी जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि इस क्षेत्र में जितना फैलना था फैल गया वायरस, अब लोगों को बीमार नहीं होने देंगे। पुलिस इस बात पर भी विशेष ध्यान दे रही है कि जिन गलियों में कोरोना मरीज मिले हैं, उनके संपर्क में आए लोग गली के बाहर निकलकर दूसरे क्षेत्रों के लोगों से न मिलें। मारपीट से ज्यादा पुलिस जागरूक करने पर ध्यान देगी। प्रत्येक व्यक्ति को मास्क पहनने, बार-बार हाथ धोने और सैनिटाइजर का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है। प्रत्येक निकलने वाले रास्ते व संकरी गलियों में भी पुलिस और वॉलेंटियर टीम का सदस्य खड़ा रहेगा। पूरी तरह यह ध्यान रखा जाएगा कि कोई भी व्यक्ति गली से बाहर निकलकर दूसरी गली के व्यक्ति से न मिले या दूसरी किसी गली या मोहल्ले का व्यक्ति भी मिलने न आ सके। एमआइजी टीआइ इंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि गलियों को पूरी तरह बंद कर दिया है। अभी यह कहना संभव नहीं है कि और कितने पॉजिटिव निकलेंगे। आंकड़ा 130 के पास पहुंच गया है। कई संदिग्ध हैं और कुछ घर में ही क्वारंटाइन हैं। जो चेन बनी है, उसमें कुछ नहीं किया जा सकता, लेकिन अब आगे चेन न बढ़े, इसके लिए लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक हो रही है। साथ ही लोगों को समझाइश भी दी जा रही है।
Previous Post Next Post