ऑर्डर कम होने पर लगी फटकार तो जब्त की 5 ट्रक सब्जी-फल

इंदौर. लॉक डाउन के चलते लोगों के घर-घर सब्जी-फल पहुंचाने का काम नगर निगम कर रही है। क्षेत्रिय किराना दुकानों के माध्यम से लोगों तक सब्जी-फल पहुंचाए जा रहे है। शहर में अवैध तरीके से सब्जी-फल बिकने पर किराना दुकान वालों को ऑर्डर मिलना कम हो गए। इस पर निगमायुक्त ने जिम्मेदार अफसरों को फटकार लगाई तो निगम की टीम ने आज सुबह 5 ट्रक सब्जी-फल जब्त कने की कार्रवाई की।

निगम की सब्जी बास्केट योजना में जहां पहले लगभग 10 हजार आर्डर प्रतिदिन मिल रहे थे, वहीं अब यह संख्या घटकर 3 हजार पर पहुंच गई है। यह देखते हुए कल निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने जिम्मेदार अफसरों को फटकार लगाई कि शहर में बड़े मात्रा में अवैध रूप से सब्जी और फल का विक्रय हो रहा है, तो आप क्या देख रहे हैं। निगमायुक्त ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आज सुबह 6 बजे से पांच टीमों को मैदान में उतारने के निर्देश दिए थे।

इसके परिपालन में आज सुबह नगर निगम की टीमों ने नायता मुंडला, बायपास, निपानिया क्षेत्र, धार रोड, सुपर कॉरिडोर, सुख निवास रोड आदि क्षेत्रों से कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में सब्जी और फल जब्त किए हैं। निगम के सहायक यंत्री लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने बताया कि आज लगभग पांच ट्रक सब्जी और फल अवैध रूप से शहर में लाते हुए पकड़ी गई हैं। उक्त सब्जी-फल को चिडिय़ाघर पहुंचाया गया है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2ybKhJg
أحدث أقدم