इंदौर. जवाहर मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए सरस्वती नदी किनारे लिंक रोड बनाया जा रहा है। जवाहर मार्ग से चंद्रभागा पुल तक बन रहे रोड का काम लगभग पूरा हो गया है, किंतु तीन मकान और भेरू बाबा का मंदिर न हटने से रोड का काम अधूरा है। इसे पूरा करने के लिए स्मार्ट सिटी कंपनी के अफसरों को 31 मार्च-2023 तक का समय दिया गया, लेकिन तय समय में काम पूरा नहीं हुआ। कंपनी की लेटलतीफी जनता पर भारी पड़ रही है। आमजन के लिए रोड पर से ट्रैफिक कब शुरू होगा, इसका जवाब जिम्मेदार अफसरों के पास नहीं है।
मास्टर प्लान में प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ी लिंक रोड का निर्माण सरस्वती नदी किनारे जवाहर मार्ग से चंद्रभागा ब्रिज तक स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत किया जा रहा है। लंबे समय से चल रहे रोड निर्माण का काम दिसंबर-2022 तक पूरा करने का दावा स्मार्ट सिटी कंपनी के अफसरों ने किया था, मगर उनका यह दावा फेल हो गया। इस पर रोड में बाधित 3 मकानों और भैरूबाबा का मंदिर हटाकर रोड का काम 31 मार्च तक पूरा करने की नई समय सीमा तय की गई, लेकिन यह समय सीमा गुजरने के बावजूद रोड अब भी आधा-अधूरा है। महल कचहरी की तरफ रोड का एक छोटा हिस्सा बनाने में अफसरों को पसीने छूट रहे हैं, क्योंकि रास्ता रोककर भैरू बाबा बैठे हंै। इस मंदिर को हटाने के प्रयास स्मार्ट सिटी कंपनी के अफसर लंबे समय से कर रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली। अफसर मंदिर हटाने को लेकर सख्ती नहीं दिखा रहे हैं, ताकि बिना वजह का विवाद और बखेड़ा खड़ा न हो जाए, इसलिए पुजारी और लोगों की मनाने का प्रयास जारी है। ऐसे में मंदिर के आगे रोड निर्माण का काम कछुआ चाल से चल रहा है।
रोड पर से ट्रैफिक कब तक शुरू होगा। इस सवाल का जवाब अफसरों के पास नहीं है। उनका सिर्फ इतना ही कहना है कि जल्द ही रोड शुरू होगा। मालूम हो कि दो दिन पहले हनुमान जयंती के दिन जवाहर मार्ग और इससे लगे अन्य रोडो पर ट्रैफिक का अधिक दबाव था, क्योंकि जगह-जगह भंडारे होने के साथ रोड पर लोगों की भीड़ लगी थी और रास्ते बंद थे। ट्रैफिक जाम होने से वाहनों की कतार लगी थी। अगर जवाहर मार्ग पुल से चंद्रभागा पुल तक का लिंक रोड शुरू हो जाता तो संजय सेतु की तरफ से कलेक्टर जाने वाले वाहन चालक जवाहर मार्ग के बजाय सीधे चंद्रभागा से गौतमपुरा होते पंढरीनाथ मंदिर चौराहे से निकल जाते। इससे जवाहर मार्ग पर ट्रैफिक की समस्या दूर होती और वाहन चालकों को काफी राहत मिलती। रोड निर्माण पूरा न होने और शुरू नहीं होने से ट्रैफिक की समस्या बरकरार है।
सालभर से बन रहा है रोड
सरस्वती नदी किनारे बन रही 24 मीटर चौड़ी और 400 मीटर लंबी सडक़ का निर्माण मंदिर वाले क्षेत्र को छोड़ लगभग पूरा हो गया है। यहां शुरू न होने से लोगों ने वाहन खड़े करने के साथ शादी-समारोह के आयोजन करना शुरू कर दिया है, वहीं जवाहर मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम नहीं हुआ है। रोड निर्माण का कार्य शुरू हुए सालभर से ऊपर होने को आया है।
रमजान बाद हटेंगे मकान
जवाहर मार्ग से चंद्रभागा पुल तक बन रहे लिंक रोड में बाधित 3 मकानों को हटाने का काम रमजान बाद हो जाएगा। इनमें रहने वाले लोगों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैट तैयार करवाए गए हैं। पहले फ्लैट न होने के कारण इन्हें नहीं हटा पाए थे। रही बात भैरू बाबा मंदिर को हटाने की तो इसको लेकर प्रयास चल रहे हैं। रोड पर से ट्रैफिक जल्द शुरू किया जाएगा।
- डीआर लोधी, अधीक्षण यंत्री, स्मार्ट सिटी कंपनी
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/xM1Smos