धार। कुक्षी पुलिस ने बालकों की गैंग का पर्दाफाश किया है। इनके कब्जे से 16 लाख रुपए कीमत की 23 मोटर साइकिलें बरामद की है। पकड़ाई गैंग में नौ सदस्य हैं। इन्होंने गैंग का नाम ‘नालायक गैंग’ रख रखा है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। इनसे बड़ी चोरियों का पता चल सकता है। पांच सदस्य अभी गिरफ्त से बाहर हैं।
7-8 माह से थाना क्षेत्र में दो पहिया वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। इस पर थाना प्रभारी सिंह कुक्षी के बाहरी रास्तों पर नाकाबंदी लगा रहे थे। प्रत्येक दो पहिया वाहन चालकों को चेक किया जा रहा था। उप निरीक्षक दिलीप तडेवला, प्रधान आरक्षक व आरक्षकों की एक टीम बनाई गई थी, जो अलग-अलग समय पर शहर में घूम फिरकर संदिग्ध वाहन चालकों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान उप निरीक्षक दिलीप तडेवला व उनकी टीम को सूचना मिली कि ब्राइट स्कूल के पास से चोरी गई कपिल बघेल की स्कूटी लेकर एक लडक़ा तहसील ग्राउंड में खड़ा है। इस पर टीम वहां पहुंची तो वह लडक़ा स्कूटी लेकर आजाद कॉलोनी तरफ भाग गया, जिसे पीछा कर पकड़ा। उससे नाम, पता व उम्र संबंधी पूछताछ करने पर किशोर निकला। उप निरीक्षक तडेवला ने जब उससे पूछताछ की तो बताया कि उसने एक गैंग बना रखी है, जिसका नाम ‘नालायक गैंग’ रखा है। इसमें नौ सदस्य हैं और सभी नाबालिग हैं। इनमें से चार बालकों को पकड़ा गया। पूछताछ में बालकों ने 23 बाइक चुराना कबूल किया। इनके बताए गए स्थानों से 15 मोटर साइकिलें बरामद कर ली गई हैं। 8 मोटर साइकिलें बाग के बालकों के मिलने पर बरामद होगी। सभी गायत्री कॉलोनी के पीछे नहर किनारे रोज शाम को मिलते थे। गैंग को पकडऩे में उप निरीक्षक दिलीप तडेवला, सउनि विमल त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक प्रमोद, आरक्षक राहुल सोलंकी, सतीश, जितेन्द्र, वेस्ता, प्रदीप का विशेष योगदान रहा है। एसपी ने इन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/049zOa7