युवक को चाकू से गोदा, हालत गंभीर

इंदौर। फर्स्ट बटालियन के पास एक युवक को अज्ञात आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। अभी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अभी उसकेे होश में नहीं आने के कारण पता नहीं चल पाया है। पुलिस को आशंका है कि किसी तात्कालिक विवाद में आरोपियों ने चाकू से गोद दिया।
राधेश्याम पिता मदनलाल भावसार निवासी भमोरी प्लाजा विजय नगर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का दर्ज किया है। आरोपी ने उसके भाई चंचल भावसार (26) पर चाकू से वार कर दिया। राधेश्याम ने पुलिस को बताया कि चंचल लोडिंग चलाने का काम करता था। कल रात को वह फर्स्ट बटालियन के पंप के पास में घायल हालत में मिला। उसके सीने, गर्दन और पीठ पर चोट के निशान हैं। अज्ञात आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। वह उसे अस्पताल लेकर आए हैं। टीआइ सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि चंचल की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। उसके होश में नहीं आने के कारण हमले का कारण पता नहीं चल पाया है। इस बात की आशंका व्यक्त की जा रही है कि या तो किसी रंजिश में या फिर तात्कालिक विवाद में आरोपी ने हमला किया है। पुलिस अब सीसीटीवी कैमरे के फुटेज निकाल रही है। जल्द ही आरोपी और कारण दोनों की जानकारी मिल जाएगी।
दो हजार रुपए के लिए युवक को चाकू मारा
बाणगंगा थाना क्षेत्र के यादव नंद नगर में एक युवक को महिला व उसके पति ने मिलकर चाकू मार दिया। 2000 रुपए को लेकर महिला के पति से फरियादी का विवाद हो गया। इस पर आरोपी पत्नी और साथी को बुलाकर ले आया। अजय पिता प्रेमनारायण चौहान (27) निवासी यादव नंद नगर की शिकायत पर अर्पण ढोली उसकी पत्नी पूजा और बन्टी मछार के खिलाफ केस दर्ज किया है। घायल अजय ने पुलिस को बताया कि वह घर पर था। इसी दौरान अर्पण नशे की हालत में आया और दो हजार रुपए मांगने लगा। उसका कहना था कि जो दो हजार रुपए उसके बाकी हैं, वह उसे वापस दे। इस पर आरोपी ने कहा कि अभी सुधीर पाण्डे को दिए। उसने आरोपी को गाली-गलौज करने से मना किया तो आरोपी पत्नी पूजा और साथी बन्टी को बुलाकर ले आया। दोनों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। आसपास के लोग जमा हुए तो आरोपी धमकी दे गए कि अगर दोबारा विवाद किया तो वह उसे जान से खत्म कर देंगे।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/Wd9G3FL
Previous Post Next Post