किसी विधानसभा सीट के नतीजे पहले, तो कुछ बाद में क्यों आते हैं? आज ही समझ लीजिए

लखनऊ/नई दिल्ली: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव (Vidhan Sabha Result) के रुझान और नतीजे आने में अब 24 घंटे से भी कम समय बचा है। पार्टियां और कार्यकर्ता, मतगणना केंद्रों के हिसाब से अपनी रणनीतियां तैयार कर चुके हैं। 10 मार्च यानी कल सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी और आधे घंटे में रुझान आने लगेंगे। 3 बजे तक यूपी-उत्तराखंड, पंजाब समेत पांचों राज्यों की तस्वीर साफ हो जाएगी। कुछ विधानसभा सीटों के नतीजे पहले तो कुछ में देरी हो सकती है। ऐसा क्यों, आइए समझते हैं। कल सुबह EVM को स्ट्रांग रूम से निकाला जाएगा। रिटर्निंग ऑफिसर, प्रत्याशी, चुनाव एजेंट, काउंटिंग एजेंट भी मौजूद रहेंगे। इसकी वीडियोग्राफी भी होगी। सबसे पहले मतगणना केंद्र पर पोस्टल बैलट गिने जाएंगे। आधे घंटे में ईवीएम से काउंटिंग शुरू हो जाती है। जल्दी या देरी क्यों अब समझना यह जरूरी है कि सबसे कम और सबसे ज्यादा बूथ होने के चलते परिणाम आने में जल्दी या देरी होती है। सभी विधानसभा में 16-16 टेबल लगाए गए हैं। इसमें दो-दो पर पोस्टल बैलेट, बाकी 14 टेबल पर ईवीएम के वोटों की गिनती होगी। एक बार में 14 टेबल पर 14 बूथों की गिनती की जानी है। वाराणसी जिले की आठ विधानसभा सीटों की बात करें तो वहां शहर दक्षिणी का चुनाव परिणाम सबसे पहले आएगा। सबसे आखिर में रोहनियां और कैंट क्षेत्र के नतीजे आएंगे। दरअसल, सबसे कम बूथ होने से शहर दक्षिणी सीट का परिणाम सबसे पहले आएगा। यहां के 85 मतदान केंद्रों पर 345 बूथ बनाए गए थे। कैंटोमेंट में 115 मतदान केंद्रों पर 458 बूथ और रोहनिया के 186 मतदान केंद्रों पर 461 बूथों पर मतदान हुआ है। इस प्रकार दक्षिणी के 14 टेबल पर 25 राउंड में गिनती होगी। इस तरह से देखिए तो कैंट और रोहनिया सीटों पर 33-33 राउंड में गिनती की जाएगी। इस कारण यहां नतीजे आने में थोड़ी देर होगी। यह सभी सीटों और राज्य के लिए लागू होगा।


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/CIPrN58
أحدث أقدم