नई दिल्ली संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने ट्वीट कर तंज कसा लेकिन ट्विटर यूजर्स ने उन्हें ही घेर लिया। यूजर्स को लोकतंत्र पर सिब्बल का ज्ञान देना रास नहीं आया और वे कांग्रेस को आईना दिखाने लगे। दरअसल, सिब्बल ने कहा कि यूएन में पीएम मोदी ने भारत को दुनिया के सभी लोकतंत्रों की जननी बताया है, उम्मीद है योगी जी और हिमंता बिस्व शर्मा उन्हें सुन रहे होंगे। कांग्रेस के एक और सीनियर लीडर पी चिदंबरम ने पीएम मोदी के भाषण के वक्त कुर्सियां खाली होने पर निराशा जताई है। उन्होंने ट्वीट किया, 'संयुक्त राष्ट्र महासभा में पीएम मोदी के भाषण के वक्त सिर्फ कुछ सीटें भरी थीं जिसे देखकर मैं बहुत निराश हुआ। उससे भी ज्यादा निराश हुआ कि किसी ने ताली तक नहीं बजाई। यूएन में भारत का पर्मानेंट मिशन ने बुरी तरह गड़बड़ किया।' कपिल सिब्बल ने तो अपने ट्वीट में एक तरह से यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिश्व शर्मा की लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता पर सवाल उठाया। बीजेपी के दोनों ही मुख्यमंत्री फायरब्रैंड माने जाते हैं और हिंदुत्व की राजनीति के चर्चित चेहरे हैं। शर्मा तो पहले कांग्रेस में ही थे। कपिल सिब्बल का यह तंज कई ट्विटर यूजर्स को रास नहीं आया और वे उन्हें ट्रोल करने लगे। सुमन मंडल नाम की एक ट्विटर यूजर ने लिखा, 'कपिल सिब्बल जी, मैं आशा करती हूं कि आप और आपके G-23 वाले साथी बहुत जल्द कांग्रेस में लोकतंत्र स्थापित करने और मेरिटोक्रेसी को प्रमोट करने के काबिल हो जाएंगे।' राजेश जोशी नाम के एक ट्विटर यूजर ने सिब्बल पर सवाल उठाते हुए लिखा कि आप उस पार्टी से हैं जिसने देश में इमर्जेंसी लगाई और लोकतंत्र का गला घोंटा। आज कोई भी कुछ भी बोल देता है कि लोकतंत्र नहीं है। रघु नाम के एक यूजर ने पूछा कि क्या आपका मतलब यह है कि बंगाल, महाराष्ट्र, केरल, राजस्थान और पंजाब में लोकतंत्र है? बंगाल में अबतक की सबसे बुरी चुनाव बाद हिंसा हुई है और कांग्रेस ने इस पर एक शब्द तक नहीं कहा। डीएन ठाकुर नाम के यूजर ने इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 1984 में सिखों के हुए नरसंहार की तस्वीर शेयर करते हुए तंज कसा- सिर्फ कांग्रेस ही लोकतंत्र को समझ सकती है। मनीष झा नाम के एक शख्स ने पूछा कि क्या कानून का सही तरीके से पालन करना लोकतंत्र की हत्या है?
from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3CQ1xiP