काबुल अफगानिस्तान पर कब्जे के एक महीने के भीतर ही तालिबान ने सरकार बना ली है। मंगलवार को तालिबान कैबिनेट की घोषणा की गई जिसने काफी हद तक दुनिया को चौंका दिया। अब एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें तालिबान के शिक्षा मंत्री शेख मौलवी नूरुल्लाह मुनीर को उच्च शिक्षा की जरूरत पर सवाल उठाते देखा जा सकता है। शिक्षा को लेकर तालिबान का रुख उसी दिन स्पष्ट हो गया था जब उसने प्राइवेट कॉलेज और यूनिवर्सिटी में लड़कियों के लिए कई कट्टरपंथी फरमान जारी किए थे। तालिबानियों को बताया सबसे महानवीडियो में नूरुल्लाह मुनीर कह रहा है, 'आज के समय में न ही किसी पीएचडी डिग्री की कोई वैल्यू है और न ही मास्टर डिग्री की। आप देख सकते हैं कि मुल्ला और तालिबान आज सत्ता में हैं और उनके पास पीएचडी, एमए और यहां तक हाई स्कूल की भी डिग्री नहीं है लेकिन वे सबसे महान हैं।' तालिबानी मंत्री के इस बयान के बाद एक बार फिर आतंकी समूह का असली चेहरा और शिक्षा को लेकर एजेंडा साफ हो गया है। ट्विटर पर शेयर किए गए वीडियो पर लोगों ने कमेंट करते हुए लिखा, 'यह आदमी शिक्षा के बारे में क्यों बात कर रहा है?' एक दूसरे यूजर ने लिखा कि उच्च शिक्षा का मंत्री उच्च शिक्षा को बेकार बता रहा है। क्लास में तालिबान ने लगाया पर्दातालिबान भले ही अपना कथित उदार चेहरा दुनिया के सामने दिखाने की कोशिश कर रहा हो लेकिन इन दावों की सच्चाई सभी के सामने आ गई है। अफगानिस्तान में तालिबान राज आते ही लड़कियों की पढ़ाई पर अंकुश और प्रतिबंध लगाना शुरू कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि क्लासरूम में एक ओर लड़कियां बैठी हैं और दूसरी तरफ लड़के। दोनों के बीच में पर्दा लगा हुआ है ताकि वे आपस में घुल-मिल न सकें। दावा किया जा रहा है कि तस्वीर काबुल की एक यूनिवर्सिटी की है। अफगानिस्तान में चलेगा सिर्फ शरिया लॉतालिबान के प्रमुख नेता हैबतुल्ला अखुंदजादा ने कहा है कि अफगानिस्तान में शरिया कानून लागू होगा। तालिबानी नेता की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भविष्य में अफगानिस्तान की सरकार और आम जीवन से जुड़े सभी मुद्दों को शरिया के कानूनों से हल किया जाएगा। अखुंदजादा ने कहा कि अफगान अधिकारी 'इस्लाम के अनुसार' मानव और अल्पसंख्यक अधिकारों की रक्षा के लिए गंभीर कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि नए अफगान अधिकारी देश में निवेश के लिए विदेशियों को अवसर मुहैया कराएंगे।
from World News in Hindi, दुनिया न्यूज़, International News Headlines in Hindi, दुनिया समाचार, दुनिया खबरें, विश्व समाचार | Navbharat Times https://ift.tt/3neypNQ