नई दिल्ली, विश्व मोहन दुनियाभर में 2019 में अनुमानतः 93 करोड़, 10 लाख टन खाना बर्बाद हो गया जो कुल उपलब्ध खाने का 17% है। संयुक्त राष्ट्र (UN) की ओर से तैयार खाने की बर्बादी के सूचकांक की रिपोर्ट (UN Food Waste Index Report) 2021 के मुताबिक इतना खाना घरों, खुदरा दुकानदारों, रेस्त्रांओं समेत भोजन करवाने की अन्य जगहों पर बर्बाद हुआ। (UNEP) ने यह इंडेक्स गुरुवार को जारी किया। सबसे ज्यादा खाने की बर्बादी घरों में अगर भारत में वर्ष 2019-20 में हुए अनाज, तिलहन, गन्ना और बागबानी के कुल उत्पादन को जोड़ दें तो यह बर्बाद हुए खाने का वजन के बराबर होता है। रिपोर्ट कहती है कि सबसे ज्यादा खाना घरों में बर्बाद होता है, उसके बाद होटल, रेस्त्राओं समेत खाना खिलाने वाली अन्य जगहों पर, और फिर खुदरा दुकानों में। रिपोर्ट की मानें तो दुनिया में सालाना प्रति व्यक्ति 121 किलो खाना बर्बाद हो रहा है। इनमें घरों की हिस्सेदारी 74 किलो है। दक्षिण एशियाई देशों सबसे अच्छा भारत दक्षिण एशियाई देशों की बात करें तो भारत में सालाना प्रति व्यक्ति 50 किलो खाने की बर्बादी हो रही है। हालांकि, 82 किलो के साथ अफगानिस्तान इस सूची में शीर्ष पर है। उसके बाद 79 किलो के साथ नेपाल, 76 किलो के साथ श्रीलंका, 74 किलो के साथ पाकिस्तान और फिर 65 किलो के साथ बांग्लादेश का नंबर आता है। इस तरह भारत दक्षिण एशिया में सालाना प्रति व्यक्ति खाना बर्बाद करने वाले देशों की लिस्ट में अंतिम पायदान पर है। रिपोर्ट ने तोड़ दी पुरानी धारणा रिपोर्ट बताती है कि पश्चिमी एशिया और सब-सहारा अफ्रीकी देशों में सालाना प्रति व्यक्ति खाने की बर्बादी सबसे ज्यादा होती है। उनके मुकाबले दक्षिण एशियाई देशों और ज्यादातर यूरोपीय एवं उत्तरी अमेरिकी देशों में यह दर काफी कम है। इस रिपोर्ट से पुरानी धारणा टूटती है कि विकसित देशों में ज्यादा खाना बर्बाद होता है। खाने की बर्बादी और भूख की समस्या एक तरफ खाने की बर्बादी तो दूसरी तरफ भूख की समस्या। संयुक्त राष्ट्र की संस्था खाद्य एवं कृषि संगठन (UNFAO) के मुताबिक, वर्ष 2019 में 69 करोड़ लोग भूखे रहे थे। फूड वेस्ट इंडेक्स रिपोर्ट के मुताबिक, कोविड-19 महामारी के दौरान तो भूखे रहने वालों की संख्या में भारी वृद्धि का अनुमान है। रिपोर्ट कहती है, "3 अरब लोगों को स्वास्थ्यप्रद भोजन नहीं मिल पाने के मद्देनजर इस रिपोर्ट का संदेश स्पष्ट है कि लोगों को अपने-अपने घरों में खाने की बर्बादी घटानी चाहिए।"
from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3e8craD