जीन की कमी से अयांश की जिंदगी अधूरी, 16 करोड़ रुपये का इंजेक्शन आस

विशेष संवाददाता, नई दिल्ली अयांश, 2 साल 8 महीने का हो चुका है, लेकिन अभी वह अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पाता। वह खाना चबा नहीं सकता। अपने बल पर बैठ नहीं सकता। यहां तक कि उसकी छाती की मांसपेशियों में इतनी ताकत भी नहीं कि वह ठीक से पूरी सांस ले सके। भगवान ने उसे दिमाग दिया है, समझदार भी बनाया है, आवाज दी है, लेकिन एक जीन नहीं दिया। यह जीन शरीर में एक खास प्रकार का प्रोटीन बनाता है, जिससे बॉडी की सारी मांसपेशियां चलती हैं। इस जीन के बिना का जीवन अधूरा है। सिर्फ एक इंजेक्शन, इस बच्चे की सारी समस्या का इलाज है, लेकिन इस एक इंजेक्शन की कीमत 16 करोड़ रुपये है, जो अयांश के माता-पिता के लिए जुटा पाना आसान नहीं है। मूल रूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग के रहने वाले रुपल और योगेश गुप्ता की इकलौती संतान अयांश (SMA) नामक से पीड़ित हैं। हैदराबाद की एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले योगेश गुप्ता ने बताया कि जब वह आठ-नौ महीने का था, तभी से उसकी परेशानी शुरू हो गई थी। अयांश को पकड़ते थे तो लगता था कि रूई की तरह है, फिसल जाता था। शुरू में बीमारी पकड़ में नहीं आई, लेकिन बाद में रेनबो हॉस्टिपल के स्पेशलिस्ट ने देखा तो बता दिया कि अयांश एसएमए की बीमारी से पीड़ित है। योगेश ने कहा कि अभी तक अयांश को फिजियोथेरेपी और एक्सरसाइज के बल पर हम कंट्रोल करके रखे हुए हैं, ताकि उसके शरीर की सभी मांसपेशियां ऐक्टिव रहें। इसके लिए रोजाना एक फीजियोथेरपिस्ट घर पर आते हैं, एक घंटा का सेशन होता है। बाकी पूरे दिन में चार से पांच घंटे हमलोग बारी-बारी से उसके शरीर की मांसपेशियों की एक्सरसाइज कराते हैं। योगेश गुप्ता ने कहा कि इसका इलाज दुनिया का सबसे महंगा इंजेक्शन Zolegensma है। मुंबई में एक बच्ची इस बीमारी से पीड़ित है, उसके लिए क्राउड फंडिंग से पैसा जुटाया गया था और मोदी सरकार ने दवा पर लगने वाला 5 करोड़ का टैक्स माफ कर दिया था। उसके बाद से हमें भी उम्मीद जगी है। यह देश महान है और मुझे उम्मीद है कि लोग मेरे बेटे की जान बचाने के लिए जरूर मदद करेंगे। अयांश के परिवार वालों ने क्राउड फंडिंग के लिए एक लिंक भी तैयार किया है, जिसमें बीमारी से जुड़ी जानकारियां हैं। अगर कोई मदद करना चाहे तो इस लिंक पर जाकर मदद भी कर सकता है। लिंक पर उसकी बीमारी के डॉक्युमेंट्स और डोनेशन के तरीके भी मिल जाएंगे। https://ift.tt/3bX7izD


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3sJFwNR
أحدث أقدم