13 अक्टूबर को सूर्य, पृथ्वी और मंगल सीधी लाइन में आ जाएंगे, मंगल ग्रह ज्यादा बड़ा और लाल नजर आएगा, इसके बाद ये नजारा 2035 में दिखेगा

खगोल विज्ञान के लिए 13 अक्टूबर की रात बहुत खास रहने वाली है। इस रात लाल ग्रह मंगल पूर्व दिशा में आसानी से दिखाई देगा। इसी दिन मार्स एट अपोजीशन की घटना भी हो रही है। इसका अर्थ ये है कि मंगलवार को सूर्य, पृथ्वी और मंगल ये तीनों ग्रह एक साथ सीधी लाइन में आ जाएंगे।

भोपाल की विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि इन दिनों सूर्यास्त के बाद पूर्व दिशा में लाल ग्रह मंगल आसानी से दिखाई दे रहा है। मंगलवार को मंगल और पृथ्वी के बीच की दूरी काफी कम रहेगी। उस दिन मंगल ग्रह 6 करोड़ 20 लाख किमी दूरी पर स्थित रहेगा। इस वजह से मंगलवार की रात में मंगल ग्रह ज्यादा बड़ा और लाल दिखाई देगा। 2020 के बाद 11 सितंबर को 2035 को मंगल और ज्यादा पास आ जाएगा। उस समय मंगल और पृथ्वी के बीच की दूरी घटकर 5 करोड़ 69 लाख किमी रह जाएगी। उस समय भी मंगल ज्यादा बड़ा और लाल दिखेगा।

हर 26 माह में मंगल-पृथ्वी आते हैं पास-पास

मंगल और पृथ्वी दोनों के बीच की दूरी हर 26 माह में सामान्य दूरी से काफी कम हो जाती है। ऐसा इसलिए होता है कि ये दोनों ग्रह अंडाकार मार्ग पर सूर्य की परिक्रमा करते हैं। साथ ही ये दोनों ग्रह अपनी कक्षा पर कुछ डिग्री झुके हुए हैं। इन वजहों से दोनों ग्रहों के बीच की दूरी कम ज्यादा होती रहती है।

20 साल बाद गुरु और शनि भी हैं करीब

इस समय में गुरु और शनि के बीच की दूरी भी काफी घट गई है। ये दोनों ग्रह आसमान में हमारे सिर के ऊपर दिखाई दे रहे हैं। टेलीस्कोप और किसी खगोल विशेषज्ञ की मदद से इन दोनों ग्रहों को आसानी देखा जा सकता है। अभी चंद्र उदय देरी से होता है, मंगल, गुरु और शनि को पहचानना ज्यादा मुश्किल नहीं है।

फरवरी 2021 में मंगल पर उतरेगा नासा का रोवर

हर ढाई साल में मंगल और पृथ्वी के बीच की दूरी घट जाती है, ऐसे में ये समय मंगल मिशन के लिए सबसे अच्छा रहता है। फरवरी 2021 में नासा का पर्सेवेरेन्स रोवर मंगल पर उतरेगा। इसके अलावा चीन और यूएई के अंतरिक्ष यान भी मंगल की यात्रा कर रहे हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
mars at opposition 2020, On 13 October, the Sun, Earth and Mars will come in a straight line, Mars will look much larger and red, after that this view will be seen in 2035


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2GVxUoC
أحدث أقدم