72 दिन बाद आज से अनलॉक हो रहा महाराष्ट्र

मुंबई कोरोना संकट से जूझ रहा महाराष्ट्र कुछ शर्तों के साथ खुलने जा रहा है। 5 जून से कंटेनमेंट जोन को छोड़कर शहर के ज्यादातर हिस्सों की दुकानें ऑड-ईवन फॉर्म्युले पर खुलेंगी। दुकानें सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेंगी। दुकानें कैसे खोलनी हैं और रोड पर किस तरफ की दुकानें खुलेंगी, इसका फॉर्म्युला वॉर्ड ऑफिसर्स ने तैयार कर लिया है। इसे लागू करने के लिए बीएमसी पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की मदद लेगी। वहीं, मुंबई के गार्डन भी शुक्रवार से जॉगिंग, साइकलिंग व एक्सरसाइज के लिए खुल जाएंगे। इस दौरान गार्डन में लगे व्यायाम के उपकरणों का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में शुक्रवार से आर्थिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। बीएमसी सूत्रों के मुताबिक, जी नॉर्थ के अंतर्गत धारावी, माहिम एवं दादर में दुकानें एवं गार्डन शनिवार से खुलेंगे। मुंबई के कुछ और हिस्से शुक्रवार को नहीं खुलेंगे। कोलाबा, बांद्रा पूर्व, पश्चिम, सांताक्रुज, अंधेरी, मलबार हिल, महालक्ष्मी, माटुंगा, सायन सहित मुंबई के ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार से ऑड-ईवन फॉर्म्युले से दुकानें खुल जाएंगी। फिलहाल नहीं खुलेंगे मॉल शॉपिंग मॉल, कॉम्प्लेक्स को छोड़कर अन्य दुकानों को खोलने की अनुमति है। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा। सड़क के किस तरफ की दुकान सम और किस तरफ की दुकान विषम दिन खुलेंगी, यह तय करने का अधिकार बीएमसी के असिस्टेंट कमिश्नर को दिया गया है। वॉर्ड ऑफिसर इसे पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की मदद से लागू करेंगे। कपड़े की दुकानों में ट्रायल रूम की अनुमति नहीं होगी। दुकानें खोलने के लिए सिविक बॉडी की तरफ से दुकान के घंटे तय किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को भ्रम न हो। व्यायाम के दौरान भी सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल इसके अलावा, सुबह 5 से शाम 7 बजे तक लोगों को साइकलिंग और जॉगिंग की अनुमति होगी। इसके अलावा, सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए आम लोग खुले मैदान में व्यायाम भी कर सकते हैं, लेकिन खुले जिम में किसी भी उपकरण का उपयोग नहीं किया जा सकता है। गार्डन सुपरिटेंडेंट जितेंद्र परदेशी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जारी गाइड लाइंस के अनुसार गार्डन खुलेंगे। शर्तों के साथ एमएमआर में होगा घूमना आसान शुक्रवार से एमएमआर क्षेत्र में घूमना आसान हो जाएगा, लेकिन शर्तें लागू रहेंगी। अब मुंबई से ठाणे, पालघर और रायगड़ (मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन) में आने-जाने के लिए कोई बंधन नहीं होगा। लेकिन, केवल अति आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए ही ऐसा किया जाएगा। किसी भी चार पहिया वाहन में ड्राइवर+ 2 और दुपहिया वाहन पर केवल एक व्यक्ति को इजाजत होगी। टैक्सी और ऑटो को भी इसमें शर्तों के साथ शामिल किया गया है। नवी मुंबई: रेड जोन छोड़कर खुलेंगी दुकानें नवी मुंबई में यहां रेड जोन वाले इलाकों को छोड़कर दुकानें खोलने की अनुमति होगी। इसके लिए नवी मुंबई मनपा ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। नए निर्धारण के आधार पर मौजूदा समय में नवी मुंबई मनपा क्षेत्र में 50 रेड जोन हैं, जहां दुकानें नहीं खुलेंगी।


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi https://ift.tt/2MuzUUx
أحدث أقدم