
तिलकनगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक युवक की नशेड़ी दोस्तों ने हत्या कर दी। युवक को पहले चाकू से गोद गया फिर पत्थर से सिर कुचला गया। मृतक कुछ समय पहले ही चोरी के मामले में पकड़ाया था। इसी की तारीख का बोलकर दो दिन पहले घर से निकलकर इंदौर दोस्तों के पास आ गया था। पुलिस ने एक संदेही दोस्त की पत्नी को हिरासत में ले लिया है। वहीं, उसके दोस्तों को तलाश रही है।
पुलिस के अनुसार थाना तिलकनगर क्षेत्र के राजगृही कॉलोनी में एक लाश होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो मूसाखेड़ी रोड पर खाली प्लाट पर एक युवक मृत पड़ा मिला। जिसकी पहचान 24 वर्षीय विकास उर्फ अटाला पिता राम गेंद शुक्ला साल निवासी चंद्रविहार कॉलोनी किशनगंज के रूप में हुई। उसके सिर और पेट पर चोट के निशान हैं। संभवत: किसी धारदार हथियार से वार कर पत्थर से सिर कुचला गया है। मुख्य संदेही इसका दोस्त चेतन था, जो रात में इसके साथ देखा गया था।
मिली जानकारी अनुसार रात करीब दो से ढाई बजे के बीच रहवासियों ने किसी के चीखने की आवाज सुनी और कुछ लोगों को भागते देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को पीएम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया। पता चला है कि मृतक दोस्त चेतन, डैनी और दो अन्य दोस्तों के साथ बैठकर यहां नशा कर रहा था। यहां पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ तो इन्होंने विकास की हत्या कर दी। चेतन और मृतक कुछ समय पहले इंदौर में एक महिला के पर्स चोरी के मामले में पकड़ाए थे। पता चला है कि हत्या के बाद चेतन अपने घर पहुंचा और परिजनों की वारदात के बारे में बताकर फरार हो गया। पुलिस ने सुबह मृतक के परिजनों को हत्या की सूचना दी।