Indore Lockdown 4.0 : आमजन के साथ व्यापारी, वकील ने भी बढ़ाए मदद को हाथ

इंदौर. समूह अध्यक्ष और किराना व्यापारी धीरज खंडेलवाल ने बताया कि लॉक डाउन शुरू होते ही सैनिटाइजर और मास्क वितरण शुरू किया। शहर के चौराहों और अन्य जगह काम कर रहे पुलिस व स्वास्थ्यकर्मियों को सैनिटाइजर और मास्क उपलब्ध करवाए गए। कुछ दिन में ही 20 हजार बोतल सैनिटाइजर और मास्क का वितरण कर दिया। इसके साथ ही गरीब बस्तियों को चिह्नित किया और यहां परिचितों से संपर्क कर जरूरतमंदों का आंकड़ा निकाला। यहां भोजन पैकेट वितरण शुरू किया। 5 हजार भोजन पैकेट हर दिन बांटने लगे। हमने तय किया इस पैकेट से एक समय के भोजन की व्यवस्था हो पाएगी, जबकि लड़ाई लंबी है और समस्या गंभीर है। तब से राशन किट का वितरण किया जा रहा है। इसमें 4 सदस्य के परिवार के लिए 10 दिन का राशन उपलब्ध करवाया गया।

मास्क से बेहतर फेस शील्ड

समूह सदस्य और वकील विकास डागा ने बताया कि इसके साथ-साथ चौराहे पर लगे पुलिसकर्मी और स्वास्थ्यकर्मियों को निरंतर पानी की बोतल और फेस शील्ड मास्क का वितरण किया जा रहा है। अभी तक 800 से अधिक का वितरण किया जा चुका है। इस काम के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गईं हैं।

सबकी अपनी-अपनी जिम्मेदारी

पूरे ग्रुप में सभी की अलग-अलग जिम्मेदारी है। सामान को खरीदने की जिम्मेदारी धीरज खंडेलवाल और नितिन मालू ने उठाई है। राशन आदि पैकिंग का काम प्रमोद गुप्ता, श्वेतल जैन, अखिलेश जैन व मोदी संभाल रहे हैं। शहर में अलग-अलग पॉइंट बनाकर सामग्री भिजवाने का काम भारती खंडेलवाल, वकील घनश्याम गुप्ता, वकील राजेश खंडेलवाल, प्रीति साकुनिया, संजय विजयवर्गीय के पास है। शहरभर में कड़ी धूप में लॉक डाउन का पालन करा रहे पुलिसकर्मियों को सैनिटाइजर, मास्क, फेस शील्ड मास्क, पानी बोतलों का वितरण एडवोकेट विकास डागा और गोपाल शाह कर रहे हैं। सेवा का यह सिलसिला जारी है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/36aqFSq
أحدث أقدم