लॉक डाउन में बंद पड़े कृष्णपुरा छत्री से नंदलालपुरा चौराहे तक रोड निर्माण के आदेश

इंदौर. स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत कृष्णपुरा छत्री से नंदलालपुरा चौराहे तक बन रहे रोड का काम शुरू करने आदेश निगमायुक्त ने आज सुबह उस समय दिए जब वे निरीक्षण करने पहुंची। लॉक डाउन के चलते पिछले पौने दो माह से रोड का काम बंद पड़ा है। निगमायुक्त ने रोड के साथ-साथ ऐतिहासिक धरोहरों और कान्ह नदी किनारे हो रहे सौंदर्यीकरण के साथ डेवलपमेंट के कामों को भी देखा।

शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत हो रहे कामों का निरीक्षण करने के लिए निगमायुक्त प्रतिभा पाल आज सुबह 8.30 बजे कृष्णपुरा छत्री पर पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ स्मार्ट सिटी के सीईओ संदीप सोनी और अधीक्षण यंत्री डीआर लोधी सहित अन्य अफसर मौजूद थे। निगमायुक्त पाल ने सबसे पहले कृष्णपुरा छत्री से नंदलापुरा चौराहे तक बनाई जा रहे रोड को देखा और बंद पड़े काम को शुरू करवाने के आदेश दिए। इसके बाद ज्योति बा फुले मार्केट को तोड़कर बनाए गए नए मार्केट का निरीक्षण किया। मार्केट के पास बन रहे बगीचे और पार्किंग का काम देखकर अफसरों से सवाल-जवाब किए। उन्होंने पूछा कि क्षेत्र में कितनी पार्किंग है और जो नई पार्किंग बन रही उसकी क्षमता कितनी है।

नंदलालपुरा फल-सब्जी मंडी के हटाने के बाद चल रहे कार्यों को देखने के बाद निगमायुक्त पाल ने कृष्णपुरा छत्री पुल के साथ एमजी रोड पुलिस थाने के सामने शिवाजी मार्केट के पीछे कान्ह नदी किनारे चल रहे सौंदर्यीकरण और डेवलपमेंट को देखा। इसके साथ ही अफसरों से पूछा कि नदी में गिरने वाले सारे आउटफॉल बंद हुए कि नहीं। इस पर सीईओ सोनी ने जवाब दिया कि सारे आउटफॉल बंद हो गए हैं। कान्ह नदी के बाद निगमायुक्त पाल ने राजबाड़ा और गोपाल मंदिर का निरीक्षण भी किया, जिनका पुराना स्वरूप वापस लौटाने के लिए जीर्णोद्धार का काम चल रहा है।

सुभाष मार्ग चौड़ीकरण का समझा प्लान
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त पाल ने बड़ा गणपति चौराहा से सुभाष मार्ग चौड़ीकरण का प्लान भी समझा। इसके साथ ही लॉक डाउन खत्म होने के बाद जल्द से जल्द कार्रवाई करने का जिम्मेदार अफसरों से कहा। उन्होंने बड़ा गणपति चौराहे से राज मोहल्ला चौराहे (गणेशगंज रोड) का भी निरीक्षण किया।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3fZoPbD
Previous Post Next Post