इंदौर. मध्य प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस अपने कमजोर संगठन को मजबूत करने के साथ बिगड़े बूथ मैनेजमेंट को सुधारने में लगी है। इसके लिए बूथ लेवल तक संगठन में पदों पर काबिज कार्यकर्ताओं का परफॉर्मेंस ऑडिट किया जा रहा है। मप्र कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने इसकी जिम्मेदारी राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह को दी है। इसके चलते वे 21 मई को इंदौर आएंगे और लगातार दो दिन 22 व 23 मई तक बूथ एवं संगठन मजबूती को लेकर मंडलम् व सेक्टर प्रभारियों की क्लास लगाकर सीधा संवाद करेंगे। इसके साथ ही इंदौर शहर और ग्रामीण में अलग-अलग कार्यकर्ता सम्मेलन भी होगा।
इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में कांग्रेस जुट गई है। कमजोर संगठन के भरोसे मिशन 2023 को फतेह नहीं किया जा सकता। इसके लिए प्रदेशाध्यक्ष नाथ ने खुद ही कमजोर संगठन को मजबूत करने और बिगड़े बूथ मैनजमेंट को सुधारने की कमान अपने हाथ में ले रखी है। प्रदेश स्तर से लेकर बूथ लेवल तक संगठन में पदों पर काबिज कार्यकर्ताओं का परफॉर्मेंस ऑडिट करने की जिम्मेदारी राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह को दी है।
इसके चलते वे संगठन की नब्ज टटोलने में लगे हैं। इसलिए वे मंडलम् व सेक्टर प्रभारियों की क्लास लगाकर सीधा संवाद कर रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने उज्जैन में कांग्रेसियों से बात की थी। अब 21 मई को इंदौर आएंगे। दिग्विजय सिंह 22 मई को इंदौर शहर के मंडलम् और सेक्टर प्रभारियों से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। अगले दिन 23 मई को इंदौर ग्रामीण के मंडलम् और सेक्टर प्रभारियों की बैठक सांवेर में होगी। बैठक के पश्चात कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। इसमें ङ्क्षसह विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं में जान फूंकने का काम करेंगे। सिंह के आने की पुष्टि जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव ने की है।
इन सवालों का मांगेंगे जवाब
इंदौर आकर दिग्विजय सिंह शहर और ग्रामीण की अलग-अलग बैठक करेंगे। इस दौरान हर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कहां कमजोर रहती और क्या कमी रहती है? मतदान वाले दिन बूथ मैनजमेंट क्यों कमजोर हो जाता है? संगठन को कैसे मजबूत किया जा सकता है? किस विधानसभा में लगातार कौन से बूथ हारते आ रहे हैं? इन सब सवालों का जवाब मंडलम् और सेक्टर प्रभारियों सहित पदाधिकारियों से लिए जाएंगे। इसके साथ ही अभी तक संगठन स्तर पर क्या-क्या गतिविधियां संचालित कीं और पार्टी के लिए कितने सक्रिय हैं। इसको भी दिग्विजय सिंह देखेंगे। साथ ही मंडलम् व सेक्टर की कमेटी गठन को लेकर भी सवाल-जवाब करेंगे और बूथ वाइज जिम्मेदारी कांग्रेस पदाधिकारियों को दी जाएगी। सिंह के इंदौर आने पर बैठक की तैयारी में शहर में अध्यक्ष न होने पर प्रभारी महेंद्र जोशी और ग्रामीण में जिलाध्यक्ष यादव लग गए हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/DTuX0g3