
इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा महासंपर्क अभियान चलाने जा रही है। इसको लेकर प्रदेश की जम्बो कार्यसमिति रखी गई थी, ताकि नेता जोश के साथ काम पर लगें। बैठक में पहुंचे कैलाश विजयवर्गीय अपनी कलाकारी से बाज नहीं आए। कार्यकर्ताओं की नाराजगी की बात कर संगठन के अरमान पर पानी फेरने का प्रयास किया।
2024 में लोकसभा के चुनाव हैं जिसको देखते हुए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने अभी से मैदान संभाल लिया है।इसके चलते 30 मई से एक माह तक पार्टी महासंपर्क अभियान चलाने जा रही है। इसे मध्यप्रदेश भाजपा अवसर के रूप में लेते हुए पूरी ताकत लगा रही है, क्योंकि छह माह बाद विधानसभा के चुनाव भी हैं।
अभियान के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया जा रहा है। कल इसे लेकर प्रदेश संगठन ने राजधानी में जम्बो कार्यसमिति की बैठक बुलाई थी जिसमें अपेक्षितों के अलावा विधायक, पूर्व विधायक व अभियान से जुड़े जवाबदारों को भी बुलाया गया था।
कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने वाली बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कलाकारी कर दी। खुद को बड़ा और कार्यकर्ताओं को मसीहा बताने का प्रयास किया। नेता व कार्यकर्ताओं में नाराजगी है, जिनका दर्द कोई पूछ नहीं रहा है। उनकी उपेक्षा पार्टी को भारी पड़ सकती है। ये बोले कि पिछले दिनों मुझे चार पांच जिलों में भेजा गया था। एक जगह गया तो वरिष्ठ नेता बोल रहे थे कि कुशाभाऊ ठाकरे को लेकर हम घूमते थे। साल-छह माह में हम भाजपा कार्यालय जाते हैं तो सम्मान नहीं मिलता है।
अध्यक्ष अपनी कुर्सी तक से नहीं उठता। इस प्रकार के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करना चाहिए। प्रभारी मंत्रियों को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि आते हैं और चले जाते हैं, कार्यकर्ताओं से मिलने का समय नहीं है। अलग अलग कार्यकर्ताओं से मिलना चाहिए। इससे उनकी नाराजगी दूर होगी। जिला अध्यक्ष को नाराजों की सूची बनाकर मिलना चाहिए। कैलाश की बात सुनकर संगठन के नेता दुखी थे, क्योंकि उन्होंने जवाबदारों को ऊर्जा भरने के लिए बुलाया था और उन्होंने नकारात्मक बात करके बैठक का माहौल बिगाड़ दिया। पिछले दिनों भी उन्होंने बयान दिया था कि भाजपा की भाजपा को हरा सकती है।
सफाई देते रहे नेता
बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने सबसे सटिक बातें कहीं। कहना था कि बूथ विस्तारक अभियान में हम डिजिटल तो हो गए है यानी पन्ना प्रमुख तक के नाम पार्टी के पास आ गए है, लेकिन अब फिजिकल होने की आवश्यकता है। कार्यकर्ताओं से बात कर सभी को काम पर लगाया जाए। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बैठक में बताया कि कांग्रेस प्रचार कर रही है कि भाजपा के कार्यकर्ता नाराज हैं।
उन्होंने कैलाश की बात का एक सिरे से कटाक्ष किया। प्रभात झा भी ऐसा ही कुछ बोले। कहना था कि मुझे तो कोई नाराजगी नहीं दिखाई देती है। इनके अलावा राष्ट्रीय महासचिव व अभियान के प्रभारी तरुण चुघ ने अभियान में क्या करना है, उसकी प्रस्तृति दी। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। साथ में दावा किया कि हम चुनाव जीत रहे हैं। बस कार्यकर्ता दमदारी से लग जाएं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/alZi25s