खेल के जरिए युवाओं में पकड़ बनाने में जुटी भाजपा

इंदौर। बड़े गांव यानी देपालपुर विधानसभा में खेल का महाकुंभ होने जा रहा है। क्रिकेट, कबड्डी और कुश्ती की बूथ स्तर पर टीम तैयार होगी जिसका आपस में महामुकाबला होगा। युवाओं में पकड़ मजबूत करने और उन्हें जोडऩे के लिए भाजपा ने मास्टर स्ट्रोक खेला है। बकायदा सभी खिलाडिय़ों को ट्रैक सूट तो विजेताओं को महंगे इनाम दिए जाएंगे।

युवाओं को जोडऩे के लिए खेल सबसे अच्छा माध्यम है। ये बात देपालपुर की भाजपा समझ गई। इसके चलते खेल महाकुंभ का आयोजन करने जा रही है जिसको लेकर क्षेत्र के विधायक रहे मनोज पटेल और उनकी टीम ने पूरी रणनीति तैयार की है तो आयोजन को निर्भय हिंदू खेल महोत्सव का नाम दिया गया। क्रिकेट की गांव-गांव तक लोकप्रियता को देखते हुए रखा है तो ऐसी ही स्थिति कबड्डी की भी है।

उसके अलावा कुश्ती को शामिल किया गया ताकि पहलवानों को अपनी कला दिखाने का मौका मिल सके। योजना के अनुसार 259 बूथों पर क्रिकेट और कबड्डी की टीम तैयार होगी। बकायदा उनका रजिस्ट्रेशन होगा जिसमें खिलाडिय़ों के नाम, पते और मोबाइल नंबर दर्ज होंगे। टीम के खिलाडिय़ों को ट्रैक सूट दिए जाएंगे। मुकाबलों को लेकर देपालपुर, हातोद, बेटमा और गौतमपुरा को जोन बनाया गया। यहां पर बूथों की टीमों में आपसी मुकाबला होगा। पहले चरण में मंडल के बीच मैच होंगे। सभी में विजेता टीमें निकलकर आ जाएंगी। सेमी फायनल और फायनल मुकाबला देपालपुर में होगा।

गरमी की वजह से सारे मुकाबले शाम को शुरू होंगे जो देर रात तक चलेंगे। इसी प्रकार अलग-अलग वजन के पहलवानों का मुकाबला होगा। आखिरी मुकाबला भी देपालपुर में ही कराया जाएगा। बड़ी बात ये है कि पूरे मुकाबलों में वर्ग विशेष की टीम को दूर रखा गया है। इन खेल मुकाबलों के जरिए भाजपा खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ युवाओं को जोडऩे का प्रयास कर रही है। बड़ी बात ये है कि एक माह चलने वाले पूरे आयोजन में देपालपुर भाजपा जुटेगी।

बाहरी रहेंगे अम्पायर
खेल में किसी भी प्रकार का विवाद या मनमुटाव न हो जिसको लेकर बारीकी से ध्यान रखा जा रहा है। इसके चलते पहले ही तय किया गया है कि अम्पायर और कुश्ती के रेफरी को बाहर से बुलाए जाएंगे। खेल के जानकार या खिलाडिय़ों को बुलाया जाएगा ताकि वे फैसला करें। ऐसी स्थिति में राजी-नाराजगी का विषय नहीं होगा।

विजेता को मिलेगी एलईडी टीवी
क्रिकेट के मुकाबले में विजेता टीम को बड़ा इनाम दिया जाएगा। प्रत्येक खिलाड़ी को 32-32 इंच के एलइडी टीवी देने की योजना है। उसी प्रकार कुश्ती के विजेताओं को मोटर साइकिल दी जा सकती है। वहीं कबड्डी की आखिरी चार टीम को मैट और खिलाडिय़ों को व्यक्तिगत पुरस्कार दिए जाएंगे।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/Mqxk6HY
Previous Post Next Post