गद्दारों को नहीं छोड़ेंगे

इंदौर. कांग्रेस से बगावत कर नगर निगम चुनाव लड़े नेताओं को छह वर्ष के लिए पार्टी से बाहर कर दिया गया है। अब उन नेताओं पर कार्रवाई होगी, जिन्होंने चुनाव में गड़बड़ यानी पार्टी से गद्दारी की है। अंदर ही अंदर पार्टी के महापौर व पार्षद प्रत्याशियों को नुकसान पहुंचाने वाले कांग्रेसियों की सूची तैयार हो रही है। ऐसे नेताओं के नाम शहर कांग्रेस कमेटी ने मांगे हैं, ताकि कार्रवाई की जा सके। दरअसल, निगम चुनाव को लेकर 6 जुलाई को मतदान होने से पहले भितरघात करने वाले नेताओं के नाम प्रदेश संगठन प्रभारी को पार्षद प्रत्याशी दे चुके हैं।


कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला सहित शहर के 85 वार्डों में पार्षद पद के उम्मीदवारों ने दमदारी से चुनाव लड़ा। इसके साथ सेबोटेज अलग हुआ, क्योंकि वार्ड में दावेदारी करने के बावजूद पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर कई नेता नाराज थे। इनको मनाने में शहर कांग्रेस सहित विधानसभावार बनाई गई डैमेज कंट्रोल समिति नाकाम रही। कई कांग्रेस नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए, वहीं मंडलम् अध्यक्ष ने इस्तीफा दे दिया। टिकट न मिलने से नाराज कांग्रेस के कई नेता पार्टी से बगावत कर चुनाव मैदान में उतर गए। इससे कांग्रेस के कई घोषित उम्मीदवारों के सामने चुनाव में संकट खड़ा हो गया, क्योंकि बागियों के वोट काटने के साथ चुनाव में टिकट और तवज्जो न मिलने पर पार्टी से नाराज कई नेताओं ने वार्ड में भितरघात किया। इसको लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के पास मतदान के दिन कई वार्डों से शिकायतें मिलीं। इस पर उन्होंने समस्त प्रत्याशियों से गड़बड़ी करने वाले नेताओं के नाम मांगे हैं, ताकि इन पर कार्रवाई की जा सके। मालूम हो कि जब प्रदेश कांग्रेस संगठन प्रभारी सीपी शेखर निगम चुनाव को लेकर मतदान होने के पहले कई वार्डों में चुनाव संबंधित तैयारी का जायजा लेने पहुंचे थे, तो पार्षद प्रत्याशियों ने मतदान के दिन सेबोटेज करने वाले वार्ड नेताओं, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के नाम की सूची उन्हें सौंप दी थी। साथ ही कार्रवाई करने की मांग रखी, ताकि चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को नुकसान न हो। अब चुनाव हो गए तो शहर कांग्रेस ने भी भितरघात करने वालों के नाम प्रत्याशियों से मांगे हैं, जबकि चुनाव के पहले ही भितरघात करने वालों को पार्टी से बाहर कर देना था।


इन्होंने दिए नाम
कांग्रेसियों के अनुसार जिन पार्षद प्रत्याशियों ने वार्ड में गड़बड़ी करने वाले नेताओं और पदाधिकारियों के नाम संगठन प्रभारी शेखर को दिए, उनमें छोटे यादव, अर्चना राठौर, सुनेहरा अंसाफ अंसारी, राधिका शैलू सेन, यास्मीन मुबारिक मंसूरी, शाहिन सादिक खान, आकाश कुशवाह, रानी संतोष वर्मा, आशा वीरू झांझोट, सोनिला मिमरोट, रुबीना इकबाल खान, कमलेश पटेरिया आदि शामिल हैं। पार्षद प्रत्याशियों की शिकायत सुनने के बाद संगठन प्रभारी शेखर ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/atB0PTe
Previous Post Next Post