मिनटों में डबल हो जाएगा आपके बैंक खाते में रखा पैसा, इस झांसे में बिल्कुल न आएं

इंदौर। हाल ही में कई ऐसे मामले सामने आए, जिसमें ज्यादा कमाई निवेश का पैसा डबल करने के झांसे में आकर आम लोग ठगी का शिकार हो गए। धोखाधड़ी कर आरोपियों ने सैड़कों लोगों से करोड़ों रुपए इकट्ठा किए और फरार हो गए। अब लोग अपना पैसा हासिल करने के लिए भटक रहे हैं। पुलिस ने धोखाधड़ी के मामलों में केस तो दर्ज कर लिया लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। लोग लगातार अफसरों के चक्कर लगा रहे हैं। अपने स्तर पर भी धोखेबाजों की तलाश कर रहे हैं। आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित है।

केस 1: मोटिवेशनल स्पीकर ने राशि डबल करने का दिया झांसा

लसूड़िया पुलिस भगवान बसंत व साथियों की तलाश कर रही है। भगवान बसंत ने खुद को मोटिवेशनल स्पीकर, इंटरप्रनोर के रूप में प्रचारित किया था। उसने इजी सिक्योर नाम से कंपनी बनाई थी। राशि निवेश करने पर छह माह में डबल होने का झांसा देकर करोड़ों इकट्ठा किए और फरार हो गया। जुलाई-अगस्त में लोगों ने पुलिस की शरण ली। टीआइ इंद्रमणि पटेल के मुताबिक दुर्गा पगारे निवासी राजनगर की शिकायत पर भगवान बसंत, रेखा सोलंकी, निलेश चौधरी, जितेंद्र पाटीदार, ईश्वर पाटीदार राजा राठौर के खिलाफ धोखाधड़ी व धमकाने की धाराओं में केस दर्ज
किया।

फरियादी का परिचय रेखा से हुआ। रेखा ने इजी सिक्योर कंपनी के बारे में बताकर मालिक भगवान बसंत से मिलवाया। दुर्गा ने बैंक से लोन लेकर अक्टूबर 2020 में 2 लाख रुपए उसे दिए। कंपनी ने चार महीने में किस्तों में करीब 24 हजार रुपए अदा किए। इससे महिला को कंपनी पर विश्वास हो गया। बाद में उसने करीब ढाई लाख रुपए और भगवान व अन्य आरोपियों को दिए। इधर, आरोपियों ने लखनऊ की कंपनी को सस्ते सेनेटरी पैड देने का झांसा देकर 7 लाख की ठगी की। कंपनी के सुनील थावानी की शिकायत पर भी एक केस भगवान बसंत दर्ज हुआ है।

केस 2: किसी को 30 तो किसी को 50 प्रतिशत फायदे का झांसा

तुकोगंज थाने में 27 अक्टूबर को तेजकुमार छाजड़े की शिकायत पर प्रमोद सेठी, रोहन सेठी व राघव सेठी निवासी गुलमोहर एक्सटेंशन पर एक करोड़ 90 लाख की धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ। एमजी रोड की बेशकीमती जमीन पर मेगापोलिश स्क्वेयर नाम के प्रोजेक्ट में इनवेस्ट में लाभ का झांसा देकर लोगों से पैसा जमा कराया। तेजकुमार के साथ ही कई अन्य से ठगी की गई जो करोड़ों में है। तीनों बाप-बेटे फरार हैं।

आशुतोष बागरी, एसपी पूर्व का कहना है कि धोखाधड़ी के मामलों में कई लोग पीड़ित हैं। तीनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगाई है, इनाम भी घोषित किया है। लोग परेशान हैं। जल्द सभी को गिरफ्तार करेंगे, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3ct9YWx
Previous Post Next Post