यात्रियों के लिए बड़ी राहत, शुरु होने वाली है जनरल टिकट की बिक्री, जानिए किस दिन से होगी शुरुआत

डॉ. आंबेडकर नगर (महू)। रतलाम मंडल के डॉ. आंबेडकर नगर रेलवे स्टेशन से चलने वाली महू-भोपाल इंटरसिटी ट्रेन में अब जनरल टिकट भी मिल सकेंगे। इसकी शुरुआत 25 अक्टूबर से की जा रही है। बता दें कि कोरोना काल में अधिकांश ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। जब दोबारा ट्रेनों को शुरू किया गया तो जनरल टिकट को भी आरक्षित कोटे में कर दिया गया था, जिससे यात्रियों को ट्रेन में सफर करने से पहले रिजर्वेशन कराना अनिवार्य हो गया था। अफसरों के अनुसार फिलहाल इस सुविधा को महू-भोपाल, महू इंटरसिटी और दाहोद - भोपाल ट्रेन में शुरू किया गया था। अन्य सभी ट्रेनों में पहले ही तरह की रिजर्वेशन करा कर ही यात्रा की जा सकेगी।

महू-भोपाल इंटरसिटी में पांच सामान्य श्रेणी कोच को अनारक्षित कर दिया गया है। 25 अक्टूबर को इन डी-11 से डी-15 तक के कोच में जनरल टिकट पर यात्रा की जा सकेगी। इसके साथ ही डीएल-1 तथा डीएल-2 को अनारक्षित कर दिया गया है ।

वहीं दूसरी ओर इस दिवाली पर रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिल सकती है। उज्जैन-फतेहाबाद ट्रेन रूट यात्रियों के लिए जल्द शुरू हो जाएगा। इस रूट पर ट्रेनों का संचालन होने से जहां यात्रियों के समय की बचत होगी वहीं इंदौर से नई ट्रेनों के शुरू होने का रास्ता भी खुलेगा। साल 2014 में गेज परिवर्तन के लिए इस रूट को बंद किया गया था। सांसद शंकर लालवानी ने बताया, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअली इस कार्यक्रम में जुड़ सकते हैं। इससे उज्जैन जाने के लिए एक वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध होगा। इस सेवा के लिए पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन भी प्रयासरत थी। सांसद शंकर लालवानी भी कई दिनों से इस सेवा को शुरू कराने में जुटे हुए थे।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3E0RuIn
Previous Post Next Post