चमत्‍कार: अमेरिका में 70 फुट ऊंची चट्टान से गिरा मासूम बच्‍चा, बाल-बाल बची जान

वॉशिंगटन कहते हैं कि जाको राखे साइयां, मार सके न कोय। जी हां, यह कहावत एक बार फिर से सच साबित हुई है। अमेरिका के केंटुकी इलाके में एक 4 साल का बच्‍चा 70 फुट ऊंची चट्टान से गिर गया। बच्‍चे के गिरते ही पैरंट्स की मानो जान सी निकल गई। आनन फानन में वे बच्‍चे के पास पहुंचे तो पाया कि उसे हल्‍की सी खरोंच के अलावा और कोई चोट नहीं लगी है। लोग इसे चमत्‍कार के रूप में देख रहे हैं। केंटुकी के खोज और बचाव दल ने अपने फेसबुक पोस्‍ट में कहा कि शुक्रवार को यह बच्‍चा अपने पैरंट्स के साथ डेनियल बून नैशनल फारेस्‍ट में घूमने निकला था। दोपहर में यह बच्‍चा पहाड़ी पर से फिसल गया और लगातार ठोकरे खाते हुए नीचे गिर गया। इस दौरान यह बच्‍चा कई बार नुकीली चट्टानों से टकराया और 70 फुट नीचे तक गिर गया। इसके बाद बच्‍चे के पिता तुरंत ऐक्‍शन में आए और वह भी बहुत तेजी से नीचे की ओर गए। बचाव टीम की नजर में बच्‍चा सुपर हीरो पिता ने अपने बच्‍चे को पाकर उसे सीने से लगा लिया और फिर हाइवे की ओर गए जहां पर उन्‍हें खोज और बचाव दल मिला। बचाव दल ने कहा, 'अविश्‍वसनीय तरीके से बच्‍चे को हल्‍की खरोंच मात्र आई थी और वह बाकी ठीक लग रहा था। यह बच्‍चा काफी बात कर रहा था और सुपरहीरो को लेकर बहुत उत्‍साहित था।' टीम ने कहा कि हालांकि उस समय केवल एक सुपर हीरो था, वह बच्‍चा था। डॉक्‍टरों की टीम ने बच्‍चे की जांच की और स्‍वस्‍थ पाने पर उसे पैरंट्स को सौंप दिया। बचाव दल ने इसे एक चमत्‍कार करार दिया। बचाव दल ने बताया कि इतनी ऊंचाई से गिरने पर इंसान का कचूमर निकल जाता है और कई बार तो लोगों की मौत हो जाती है। यहां से कई बार घायल लोगों को निकाला गया है जो फिसल गए और पहाड़ी से गिर गए। एक व्‍यक्ति तो विकलांग हो गया था। बच्‍चे के सकुशल बच जाने पर सभी ने राहत की सांस ली है।


from World News in Hindi, दुनिया न्यूज़, International News Headlines in Hindi, दुनिया समाचार, दुनिया खबरें, विश्व समाचार | Navbharat Times https://ift.tt/3jhNQSH
Previous Post Next Post