रिपब्लिक डे पर बवाल के एक दिन बाद लाल किला विजिटर्स के लिए बंद, 31 जनवरी तक नो एंट्री

नई दिल्लीभारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के एक आदेश के मुताबिक लाल किला 27 जनवरी से 31 जनवरी तक विजिटर्स के लिए बंद रहेगा। हालांकि आदेश में इसके पीछे के कारण का जिक्र नहीं है, लेकिन इसमें 6 जनवरी और 18 जनवरी के पुराने आदेशों का जिक्र किया गया है। पुराने आदेश के तहत ऐतिहासिक स्मारक को बर्ड फ्लू अलर्ट के कारण 19 जनवरी से 22 जनवरी तक बंद कर दिया गया था। लाल किला गणतंत्र दिवस समारोह के चलते 22 जनवरी से 26 जनवरी तक बंद था। सूत्रों ने कहा कि 27 जनवरी को इसे आगंतुकों के लिए खोला जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। सूत्रों ने बताया कि 26 जनवरी को लाल किला परिसर में भड़की हिंसा के बाद एएसआई ने नुकसान का जायजा लेने के लिए गेट बंद रखने का फैसला लिया है। इससे पहले बुधवार को संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल ने घटना स्थल का दौरा कर एएसआई से घटना की रिपोर्ट मांगी है। केंद्र के 3 नए कृषि कानूनों के विरोध में गणतंत्र दिवस के मौके पर किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किले को उत्पातियों ने एक तरह से जंग का मैदान बना दिया था। प्रदर्शनकारियों ने ऐतिहासिक इमारत पर धार्मिक झंडा फहरा दिया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच झड़पें भी हुईं। अराजक प्रदर्शनकारियों से हमले से बचने के लिए पुलिस वाले दीवार से नीचे खाई में कूदते दिखे, जिसमें कई जख्मी भी हुए थे।


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3pjI9od
Previous Post Next Post