ट्रंप ने बाइडेन को सत्‍ता सौंपने को दी मंजूरी, हार मानने के करीब अमेरिकी राष्‍ट्रपति

वॉशिंगटन अमेरिका के निवर्तमान राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड राष्‍ट्रपति हार मानने के बेहद करीब पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। डोनाल्‍ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि वह जो बाइडेन को सत्‍ता सौंपने की प्रक्रिया को शुरू करने को मंजूरी दे रहे हैं। साथ ही उन्‍होंने तत्‍काल यह भी दावा किया कि वह मतदाताओं की मदद से अपनी हार को जीत में बदल सकते हैं। इस बीच वाइट हाउस ने भी ऐलान किया है कि वह जो बाइडेन को दी जाने वाली सहायता पर लगे अप्रत्‍याशित बैन को अंतत: हटा रहे हैं। अमेरिका के जनरल सर्विस एडमिनिस्‍ट्रेशन (GSA) के चीफ इमली मर्फी ने बाइडेन को पत्र लिखकर कहा कि वह सत्‍ता हस्‍तातंरण प्रक्रिया के तहत संघीय संसाधनों का इस्‍तेमाल कर सकते हैं। इमली ने आरोप लगाया कि उन्‍हें धमकी दी गई और प्रताड़‍ित किया गया। ट्रंप ने कहा कि जनरल सर्विस एडमिनिस्‍ट्रेशन जो भी जरूरी लगे उसे कर सकता है। इसी ट्वीट में ट्रंप ने कहा कि वह अभी भी हार नहीं मान रहे हैं। ट्रंप ने कहा, 'हमारा मजबूती से प्रयास जारी रहेगा। हम जोरदार संघर्ष जारी रखेंगे और मेरा भरोसा है कि हम जीत हासिल करेंगे।' बाइडेन की टीम को GSA की अनुमति मिलने के बाद उनके पास पैसे, ऑफिस की जगह और संघीय अधिकारियों से मुलाकात का अधिकार होगा। इससे पहले बाइडेन के कार्यालय ने कहा कि जीएसए अब सत्‍ता के आसानी और शांतिपूर्ण तरीके से हस्‍तातंरण की अनुमति देगा। बाइडेन ने कैबिनेट के प्रमुख नामों का ऐलान कर दिया बता दें कि अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बाइडेन ने सोमवार को अपने कैबिनेट के प्रमुख नामों का ऐलान कर दिया। ओबामा और बाइडेन के कार्यकाल में डेप्युटी सेक्रटरी की भूमिका निभा चुके एंटनी ब्लिंकेन को व‍िदेश मंत्री नामित किया गया है। वहीं, वकील एलेजांद्रो मयोरकास को सेक्रटरी ऑफ होमलैंड सिक्यॉरिटी का पदभार सौंपा गया है। एलेजांद्रो ओबामा-बाइडेन कार्यकाल में होमलैंड सिक्यॉरिटी के डेप्युटी सेक्रटरी का पद संभाल चुके हैं। बाइडेन कार्यकाल के लिए ऐवरिल हेन्स को डायरेक्टर ऑफ नैशनल इंटेलिंजेंस नियुक्त किया गया है। ऐवरिल तकरीबन एक दशक से ज्यादा समय से बाइडेन के लिए विभिन्न पदों पर काम कर चुकी हैं। हेन्स इस पद के लिए नामित होने वाली पहली महिला होंगी। बाइडेन ने संयुक्त राष्ट्र के लिए ऐंबैसडर के तौर पर लिंडा टॉमस ग्रीनफील्ड (Linda Thomas-Greenfield) के नाम का चुनाव किया है। जो बाइडेन ने जेक सुल्लिवन को नैशनल सिक्यॉरिटी अडवाइजर नियुक्त किया है। वहीं, बाइडेन ने पूर्व विदेश मंत्री जॉन केरी को जलवायु के लिए राष्ट्रपति के विशेष दूत के पद के लिए नामित करने की घोषणा की। केरी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में इस पद पर बैठने वाले पहले अधिकारी होंगे।


from World News in Hindi, दुनिया न्यूज़, International News Headlines in Hindi, दुनिया समाचार, दुनिया खबरें, विश्व समाचार | Navbharat Times https://ift.tt/2HAdG4M
Previous Post Next Post