सिंथिया का आरोप, गिलानी और रहमान ने नकारा

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी और गृह मंत्री रहमान मलिक ने अमेरिकी महिला सिंथिया डी रिची के रेप का आरोपों को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि ये आरोप न केवल अपमानजनक हैं बल्कि हमारी गरिमा को गिराने वाले हैं। वहीं, गिलानी ने कहा कि इस महिला का विवादों से पुराना नाता रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी सिंथिया रिची के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने गल्फ न्यूज से बातचीत में कहा कि पूरा मामला दरअसल ये है कि कुछ दिनों पहले सिंथिया रिची ने पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहीं थीं। जिसके बाद उनके खिलाफ पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने शिकायत दर्ज करवाई थी। गिलानी के दावा किया कि वर्तमान में पंजाब एसेम्बली के सदस्य उनके बेटे अली हैदर गिलानी ने इस मामले में सिंथिया को मानहानि का नोटिस दिया था। इसी कारण सिंथिया ने यह आरोप लगाएं हैं।

गिलानी ने दावा किया कि वह इस्लामाबाद में एक रिसेप्शन में कुछ महीने पहले ही सिंथिया से मिले थे। उन्होंने कहा कि इससे पहले मैं उससे कभी नहीं मिला था। मैंने उसे देखा तक नहीं था। वहीं अली हैदर गिलानी ने कहा कि जब तक इस मामले की पूरी जांच नहीं हो जाती तबतक सिंथिया को देश छोड़ने की इजाजत नहीं दी जाए।

रहमान मलिक ने भी सिंथिया के आरोपों को नकारते हुए गिलानी के बयान का समर्थन किया है। मलिक के प्रवक्ता के अनुसार, सिंथिया ने उनके खिलाफ फर्जी और मनगढ़ंत आरोप लगाए हैं जो उन्हें बदनाम करने और डराने का प्रयास है। प्रवक्ता ने कहा कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।

बता दें कि पाकिस्तान में पिछले 10 साल से भी अधिक समय से रह रहीं सिंथिया रिची ने पीपीपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी पर यौन हिंसा का आरोप लगाया है। लेकिन इससे भी ज्यादा गंभीर आरोप उन्होंने पीपीपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री रहमान मलिक पर लगाया है। उन्होंने कहा कि साल 2011 में पूर्व गृह मंत्री और पीपीपी नेता रहमान मलिक ने उनका रेप किया था।

इसके अलावा सिंथिया ने पीपीपी के ही नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मखदूम शहाबुद्दीन पर भी यौन हिंसा का आरोप लगाया था। सिंधिया ने कहा कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की ओर से उन्हें धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने इसकी शिकायत पाकिस्तानी जांच एजेंसी एफआईए में की है।

सिंथिया खुद को पाकिस्तान प्रेमी, एडवेंचरिस्ट, फिल्म निर्माता होने का दावा करती हैं। वह बहुत समय से इस्लामाबाद में ही रहती हैं। सिंथिया ने बताया है कि वह खैबर पख्तूनख्वाह सरकार के पुरातत्व विभाग में काम करती हैं और इसके अलावा वो कई गैर-सरकारी संस्थानों से भी जुड़ी हैं। इसके अलावा वे एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी बना रही हैं। शुरुआत में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेताओं के साथ उनके अच्छे संबंध थे लेकिन बाद में स्थिति बिगड़ती चली गई। हाल में ही उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट कर पीपीपी पर निशाना साधा है।



from World News in Hindi, दुनिया न्यूज़, International News Headlines in Hindi, दुनिया समाचार, दुनिया खबरें, विश्व समाचार | Navbharat Times https://ift.tt/3h4NJXJ
Previous Post Next Post