महिलाओं की मदद के लिए आगे आई समान सोसायटी

इंदौर. महिलाओं को ड्राईविंग एवं मैकेनिक के रोजगार से जोडऩे में लगी संस्था समान सोसायटी द्वारा लॉकडाउन में भी महिलाओं की मदद करने में जुटी है। कुछ निजी संस्था के सहयोग से सोसायटी महिला मुखिया वाले परिवारों, एकल महिलाओं एवं आर्थिक रूप से कमजोर तबकों की महिलाओं को राशन किट उपलब्ध करवा रही है। इन महिलाओं के अलावा संस्था ने इन्दौर एवं भोपाल में विभिन्न संस्थाओ के सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर तबको के 500 अधिक परिवारों को सहयता दी है।

सोसायटी डायरेक्टर राजेंद्र बंधु ने बताया कि कोविड—19 और लॉकडाउन के कारण मानसिक रूप से परेशान लोगों के परामर्श के लिए संस्था द्वारा योजना बनाई है। संस्था ने शहर के विभिन्न तबकों के लोगों से टेलीफोनिक सर्वेक्षण द्वारा उनकी चिन्ताएं जानने का प्रयास किया, जिसमें यह बात सामने आई कि कई लोग अन्य सामान्य बीमारियों का इलाज नहीं करवा पा रहे हैं, कई लोग कोरोना डर में जी रहे है। कई लोगों को उनके रोजगार की चिन्ता है। इस दशा में संस्था बापू ट्रस्ट पूणे की मदद से इन्दौर में एक टेलीफोनिक परामर्श केन्द्र शुरू करने जा रही है। जो कि मानसिक रूप से परेशान लोगों को आगामी एक वर्ष तक मदद करेगी तथा उन्हें सरकारी एवं गैर सरकारी राहत योजनाओं की जानकारी प्रदान करेगी।

डाक्यूमेंट्री फिल्म कर रहे तैयार

बंधु ने बताया कि संस्था द्वारा डिजिटल माध्यम को उपयोग करते हुए छोटी—छोटी फिल्मों एवं चित्रों के माध्यम से कोविड-१९ को लेकर जागरूक किया जाएगा। इन डाक्यूमेंट्री फिल्मों एवं चित्रों का उपयोग सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए किया जाएगा। हमारा उद्देश्य है कि लोगों को कोरोना वायरस के बारे में वैज्ञानिक जानकारियां देकर उन्हें जागरूक बनाएं और उनकी आदतों में बदलाव लाएं, ताकि वे कोरोना से सुरक्षित रह सकें।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2TnOlNV
Previous Post Next Post